मेदिनीनगर (पलामू)
मेदिनीनगर के बाईपास रोड स्थित JMP परिसर में रात 11 बजे बड़ी वारदात हुई। परिसर में तैनात गार्ड विनोद पांडे (50) की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे स्कूटी से एक युवक परिसर में पहुंचा और बाद में अपने दो अन्य साथियों को बुलाया। तीनों पूरे परिसर में घूमते रहे, फिर गार्ड विनोद सहाय को उठाकर गेट के पास ले गए और करीब से गोली मार दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि 15 जुलाई की रात जन्मदिन पार्टी के दौरान परिसर के मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के साथ बर्थडे मनाने आए लोगों की झड़प हुई थी। प्रारंभिक स्तर पर आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद की रंजिश में इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। फिलहाल हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

