बरवाडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

बरवाडीह (लातेहार)

पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर बरवाडीह थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ब्राउन शुगर, एक अपाचे मोटरसाइकिल (JH19B-0755) तथा एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपाचे बाइक से बरवाडीह से ब्राउन शुगर खरीदकर पोखरी-कुटमू क्षेत्र में बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा है। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विरेन्द्र राम के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान संदिग्ध बाइक सवार ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई।
इस मामले में बरवाडीह थाना कांड संख्या 49/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22 एवं 27 के तहत कार्रवाई की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोलू कुमार उर्फ रितिक कुमार (22 वर्ष), पिता–सुनील चौरसिया तथा चंचला देवी, पति–सुनील चौरसिया, दोनों निवासी बरवाडीह, जिला लातेहार, के रूप में हुई है।

एसडीपीओ विरेन्द्र राम ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि नशा समाज के लिए अभिशाप है और इसके कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने कहा कि ब्राउन शुगर जैसी घातक नशीली वस्तुओं के कारण युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है। उन्होंने नशे का सेवन करने वालों और इसके कारोबार से जुड़े लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे समय रहते सुधर जाएं, अन्यथा उन्हें सीधे जेल जाना पड़ेगा।
छापेमारी दल में एसडीपीओ विरेन्द्र राम, थाना प्रभारी अनुराग कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजन अधिकारी, सहायक अवर निरीक्षक निर्भय नारायण मिश्रा, आरक्षी चन्द्र शेखर तिवारी एवं विनय मिन्ज शामिल थे।

Leave a Reply