लातेहार- जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई संपन्न

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सभी विभागों को समन्वित कार्रवाई का निर्देश : उपायुक्त

लातेहार (झारखंड)

उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की वर्तमान स्थिति, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों की प्रगति, सड़क सुरक्षा संबंधी पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जून माह में कुल 11 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 8 लोगों की मृत्यु हुई तथा बड़ी संख्या में लोग गंभीर एवं सामान्य रूप से घायल हुए हैं। उपायुक्त ने इन आंकड़ों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं बल्कि जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, जिसमें सभी विभागों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
उपायुक्त ने जिले में चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) पर सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया। साथ ही जिन स्थलों पर बार-बार दुर्घटनाएं हो रही हैं, वहां विशेष सुरक्षा उपाय करने एवं नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया।

बैठक में सड़क सुरक्षा नियमों के अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान की समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है तथा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, शराब पीकर वाहन चलाने एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जाए तथा दुर्घटना नियंत्रण के लिए संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
उन्होंने जिला परिवहन पदाधिकारी को सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों को और व्यापक स्तर पर संचालित करने का निर्देश दिया। विद्यालयों, महाविद्यालयों, पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता अभियान चलाने तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए केवल दंडात्मक कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि जन-जागरूकता, बेहतर सड़क अवसंरचना एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को बैठक में लिए गए निर्णयों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करते हुए प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

*बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री कुमार गौरव, अपर समाहर्ता श्री सलमान जफर खिजरी, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, अनुमंडल पदाधिकारी,लातेहार श्री दिनेश कुमार , अनुमंडल पदाधिकारी महुआडांड़ श्री सुलेमान मुण्डरी, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री उमेश मंडल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन,अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी,  पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Leave a Reply