बारियातू (लातेहार)
कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सह झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कुमार महेश सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सह चतरा लोकसभा प्रभारी भीम कुमार तथा प्रखंड अध्यक्ष रीगन कुमार ने बुधवार को प्रखंड के बारियातू, गाड़ी, नचना, साल्वे, टोटी, हेसला, इटके, कटहलटोला, मंझीलाडीह, टुंडाहाटू, बठेठ एवं बारिखाप सहित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा बूथ स्तर पर चल रहे सत्यापन कार्य की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी वास्तविक एवं योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची से न छूटे तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बूथ स्तर पर अभियान चला रही है। बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ने तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी उपलब्ध कराने का कार्य किया जा रहा है।
प्रदेश महासचिव कुमार महेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। ऐसे मतदाताओं का नाम सत्यापन के दौरान सूची से न हटे, इसके लिए पार्टी विशेष रूप से प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यदि किसी योग्य नागरिक का नाम छोटी-सी त्रुटि के कारण मतदाता सूची से हट जाता है तो वह अपने लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित हो जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष भीम कुमार ने कहा कि देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं का निधन हो चुका है, उनका नाम नियमानुसार हटाया जाना चाहिए, लेकिन जीवित एवं पात्र मतदाताओं तथा नए युवा मतदाताओं का नाम अवश्य जोड़ा जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के नाम पर योग्य मतदाताओं का नाम हटाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ा जा सकता है। यदि बीएलओ एवं संबंधित कर्मी निष्पक्षता और ईमानदारी से कार्य करें तो कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं होगा।
प्रखंड अध्यक्ष रीगन कुमार ने क्षेत्रवासियों से समय रहते अपने नाम का सत्यापन कराने तथा नाम सूची में नहीं होने पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन देकर जुड़वाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी बूथ स्तर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने तथा पात्र मतदाताओं को जागरूक करने का संकल्प लिया।

