लातेहार- मुहर्रम को लेकर बारियातू में निकाला गया फ्लैग मार्च, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

बारियातू (लातेहार)

मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को बारियातू थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान एवं अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी ने संयुक्त रूप से किया।
फ्लैग मार्च बारियातू बाजार, विभिन्न चौक-चौराहों तथा संवेदनशील क्षेत्रों से होकर गुजरा। इस दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी सहयोग और अनुशासन के साथ मनाया जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए।
फ्लैग मार्च के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया गया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और मुहर्रम समिति के सदस्यों से संवाद स्थापित कर पर्व के दौरान आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने की चेतावनी दी गई।
थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। वहीं अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। फ्लैग मार्च में मुख्य रूप से एएसआई सुनिल कुमार सिंह,छोटू पंडा, राजकिशोर प्रसाद पुलिस बल के जवान एवं प्रशासनिक कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply