पोषण ट्रैकर एवं पीएमएमवीवाई योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

सभी लाभार्थियों का शत प्रतिशत एफआरएस सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश

मेदिनीनगर (पलामू)

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में पोषण ट्रैकर एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, डेटा की शुद्धता तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गयी।बैठक में राज्य स्तर से आए पोषण अभियान कंसल्टेंट श्री काव्या ने सभी महिला पर्यवेक्षिकाओं (एलएस) को निर्देश देते हुए कहा कि पोषण ट्रैकर में दर्ज सभी लाभार्थियों का 100 प्रतिशत फेस रिकॉग्निशन सिस्टम सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पोषण ट्रैकर में लाभार्थियों से संबंधित सही एवं अद्यतन डेटा उपलब्ध होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन में जियो फेंसिंग का अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। निर्देश दिया गया कि जो केंद्र निर्धारित जियो फेंसिंग क्षेत्र के बाहर संचालित हो रहे हैं, उन्हें शीघ्र ही निर्धारित क्षेत्र के अंतर्गत संचालित किया जाए। साथ ही सभी लाभार्थियों का वजन एवं लंबाई सही तरीके से पोषण ट्रैकर में दर्ज करने का निर्देश दिया गया, ताकि बच्चों एवं महिलाओं की पोषण स्थिति का सही आकलन किया जा सके।

बैठक के दौरान लाभार्थियों का अपार आईडी एवं आभा आईडी बनाने तथा शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।इस अवसर पर पीएमएमवीवाई कंसल्टेंट श्री सुशील एवं श्री काव्या ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत नए लाभार्थियों का अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा ड्यू-लिस्ट एवं लंबित मामलों की संख्या में कमी लाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों के बैंक खातों को एनपीसीआई (NPCI) से लिंक कराने पर विशेष जोर दिया, ताकि लाभ की राशि समय पर एवं सीधे लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की जा सके।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती नीता चौहान ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं महिला पर्यवेक्षिकाओं को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक में विभागीय पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिकाएं (एलएस), पोषण अभियान एवं पीएमएमवीवाई से जुड़े कर्मी उपस्थित थे।

Leave a Reply