हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को मलेरिया रोधी माह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । इस दौरान स्वास्थ्य कर्मियों एवं उपस्थित लोगों को मलेरिया की रोकथाम, स्वच्छता और जनजागरूकता के प्रति शपथ दिलाई गई । कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मलेरिया एवं फाइलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करना था । कार्यक्रम के बाद फाइलेरिया से पीड़ित मरीजों के बीच एमएमडीपी (मॉर्बिडिटी मैनेजमेंट एंड डिसेबिलिटी प्रिवेंशन) किट का वितरण किया गया । राजकली देवी, इंद्रदेव पाल, गीता देवी, परनी देवी समेत कई मरीजों को किट देकर उसके नियमित उपयोग एवं प्रभावित अंगों की साफ-सफाई रखने की जानकारी दी गई । इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉo गोपाल प्रसाद ने कहा कि फाइलेरिया एक दीर्घकालिक बीमारी है, जिसका समय पर प्रबंधन और नियमित देखभाल बेहद जरूरी है । एमएमडीपी किट के नियमित उपयोग, स्वच्छता और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने से मरीज सूजन व अन्य जटिलताओं को काफी हद तक नियंत्रित रख सकते हैं और बेहतर जीवन जी सकते हैं । उन्होंने लोगों से मलेरिया व फाइलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग के अभियान में सहयोग करने की अपील की । कार्यक्रम में पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम ऑफिसर हितेश चौबे, डॉo राजेश कुशवाहा डॉo अनीस अख्तर, एमटीएस अभिषेक दुबे, एमपीडब्ल्यू दिनेश पाल, अनिल राम सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे ।

