बारियातू (लातेहार)
बारियातू थाना क्षेत्र के गोनिया पंचायत अंतर्गत नावाडीह गांव में बिजली का प्रवाहित तार खंभे से टूटकर जमीन के करीब झूल रहा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब एक माह से बिजली तार इसी स्थिति में लटका हुआ है, लेकिन विभाग की ओर से अब तक इसे दुरुस्त नहीं कराया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी कई बार बिजली विभाग को दी गई तथा तार को ठीक कराने की मांग भी की गई, बावजूद इसके कोई पहल नहीं की गई। गांव के लोगों का कहना है कि झूलता तार कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। खासकर बच्चों एवं मवेशियों के लिए यह गंभीर खतरा बना हुआ है।
बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते तार को दुरुस्त नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों एवं लातेहार उपायुक्त से अविलंब झूलते तार को ठीक कराने की मांग की है, ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
ष

