बारियातू (लातेहार)
बारियातू थाना क्षेत्र अंतर्गत नवाडीह स्थित एनएच-22 के समीप पुलिया के नीचे 10 मई को मिले अज्ञात शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर लिया है। मामले में संलिप्त दो आरोपितों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायिक हिरासत में लातेहार जेल भेज दिया गया।
थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बीनोद रवानी ने बताया कि 10 मई को नवाडीह में पुलिया के नीचे सड़ी-गली अवस्था में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। चौकीदार के बयान पर बारियातू थाना कांड संख्या-31/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सोशल मीडिया व तकनीकी शाखा की मदद से मृतक की पहचान ओडिशा के पुरी जिला निवासी शेख सदाकत अली (50) के रूप में हुई। वह सीआरपीएफ से वीआरएस लेने के बाद पिकअप वाहन से आम का व्यापार करते थे और आम लेकर बिहार जा रहे थे।
पुलिस जांच में पता चला कि रास्ते में मृतक की मुलाकात दोनों आरोपितों से हुई थी। साथ में शराब पार्टी करने के बाद आरोपितों की नजर पिकअप वाहन एवं उसमें लदे करीब एक लाख रुपये मूल्य के आम पर पड़ गई। दोनों ने गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी तथा शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपितों में कुडू थाना क्षेत्र के चिरी निवासी इकबाल अंसारी तथा कमले निवासी अवध कुमार साहू उर्फ माधु शामिल हैं। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पिकअप वाहन व दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

