पड़वा (पलामू)
पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। मेदिनीनगर औरंगाबाद मुख्य पथ पर गाड़ी खास बढ़काभीठा के पास फोरलेन पर स्कॉर्पियो और बुलेट बाइक के बीच हुई सीधी और जबरदस्त टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के कांके कला गांव निवासी आकाश पांडेय के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश पांडेय ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
बताया जा रहा है कि मृतक स्थानीय भाजपा नेता सह सांसद के करीबी ईश्वरी पांडेय का पुत्र था। इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और लोगों में गहरा दुःख देखा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

