सड़क हादसे में युवक की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-39 किया जाम गुरी गांव के पास वन-वे सड़क पर खड़ी पिकअप से टकराया बाइक सवार, मौके पर ही मौत

विश्रामपुर (पलामू)

एनएच 39 स्थित शंखा पड़वा मुख्य पथ पर सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दोपहर करीब 3 बजे गुरी गांव के पास हुआ, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में बने फोरलेन सड़क के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिसकी मरम्मत का कार्य निर्माण कंपनी भारत वाणिज्य द्वारा कराया जा रहा था। मरम्मत के दौरान गुरी गांव के पास सड़क को वन वे कर दिया गया था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक मरम्मत कार्य वाले हिस्से में घुस गया और वहां खड़ी एक पिकअप गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सेवरा गांव निवासी 35 वर्षीय पप्पू चंद्रवंशी के रूप में हुई है। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने एनएच 39 को जाम कर दिया और जमकर हंगामा किया।
सूचना मिलने पर विश्रामपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव सिंह, अंचलाधिकारी राकेश कुमार तिवारी, बिश्रामपुर थाना, नौगढ़ा ओपी और रेहला पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस को शव उठाने तक नहीं दिया और जाम हटाने से इनकार कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कंपनी द्वारा सड़क निर्माण में भारी अनियमितता बरती गई है, जिसके कारण सड़क कुछ ही दिनों में जगह जगह क्षतिग्रस्त हो गई। मरम्मत कार्य भी बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के कराया जा रहा है, जिससे लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी पर कार्रवाई और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम था और पुलिस प्रशासन लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रहा था।

Leave a Reply