विश्रामपुर (पलामू )
धनबाद रेल मंडल के सीआईसी सेक्शन स्थित लालगढ़ बिहार हॉल्ट रेलवे स्टेशन को पूर्ण विकसित स्टेशन का दर्जा दिलाने की मांग अब जोर पकड़ती जा रही है। क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा दिए गए आवेदन को गंभीरता से लेते हुए पलामू सांसद विष्णु दयाल राम ने इस मामले में पहल शुरू कर दी है।
सांसद ने रेलवे बोर्ड की अध्यक्ष को पत्र लिखकर लालगढ़ हॉल्ट को पूर्ण रेलवे स्टेशन में उन्नत करने की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने उल्लेख किया है कि वर्ष 1976 में स्थापित इस हॉल्ट से आज लगभग 25 से 30 गांवों की बड़ी आबादी प्रतिदिन यात्रा करती है, लेकिन इसके बावजूद यहां बुनियादी सुविधाओं का अभाव है और महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव भी नहीं है।
उन्होंने विशेष रूप से सासाराम रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस और रांची वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों के ठहराव की जरूरत को रेखांकित करते हुए कहा कि इन ट्रेनों के नहीं रुकने से छात्रों, मरीजों और आम यात्रियों को भारी परेशानी होती है। साथ ही, प्रमुख स्टेशनों से लालगढ़ हॉल्ट के लिए टिकट उपलब्ध नहीं होने की समस्या को भी उन्होंने गंभीर बताया।
सांसद ने रेलवे बोर्ड से आग्रह किया है कि बढ़ती यात्री संख्या और क्षेत्रीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लालगढ़ हॉल्ट को पूर्ण विकसित रेलवे स्टेशन का दर्जा दिया जाए तथा आवश्यक सुविधाएं और ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
इधर, ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को गंभीरता से लिया गया है और इस दिशा में हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी उनकी प्राथमिकता है, और जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक परिणाम लाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रामीणों ने सांसद की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि लंबे समय से लंबित यह मांग अब पूरी होगी।

