बारियातू (लातेहार)
बरियातू प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति लातेहार के तत्वावधान में एएमपीएल फाउंडेशन के बैनर तले रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी ने फीता काटकर किया।
शिविर में प्रखंड व अंचल कर्मियों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 10 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर अंचलाधिकारी कोकिला कुमारी ने कहा कि रक्तदान महादान है और इससे किसी की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे समय-समय पर डॉक्टरों की सलाह लेकर रक्तदान अवश्य करें।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। रक्तदान से पूर्व सभी दाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिसके बाद सुरक्षित रूप से रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदान करने वालों में प्रखंड अध्यक्ष राजेन्द्र गंझू, उपाध्यक्ष लाल आशिष नाथ शाहदेव, बीएफटी धीरज राणा, अंचल कर्मी राकेश कुमार, प्रखंड लिपिक अनिल उरांव, ऑपरेटर सुनील कुमार, सुरेन्द्र कुमार एवं गणेश राम सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।
वहीं रक्तदान वाहन के साथ प्रमिला कुमारी, प्रियंका कुमारी, सुशीला टोप्पो, बसंती कुमारी सहित कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

