अध्यक्ष बने ओमप्रकाश गुप्ता और उपाध्यक्ष विनोद यादव
बेतला (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र के सरईडीह स्थित शिव मंदिर प्रांगण में रामनवमी पर्व को लेकर गुरुवार के दिन एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक मंदिर के संरक्षक जोखन प्रसाद तथा अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुई। बैठक में केचकी पंचायत अंतर्गत सरईडीह, पोखरी, पोखरी खुर्द सहित विभिन्न गांवों की झंडा समिति के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण, भव्य और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर रणनीति तैयार करना था। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि यह पर्व आपसी भाईचारा, सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जाएगा। आयोजन के दौरान अनुशासन और सहयोग बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।
इसी अवसर पर हिन्दू महासभा का भी गठन किया गया। महासभा के अध्यक्ष के रूप में ओमप्रकाश गुप्ता का चयन किया गया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर बिनोद यादव, सचिव के रूप में मनोज मांझी तथा उप सचिव के रूप में बुद्धेश्वर सिंह (मुखिया, केचकी) को जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
बैठक में उमेश प्रसाद, नवल प्रसाद, मुकेश सिंह, आशीष कुमार, संजीव कुमार, मनोज कुमार, निर्मल प्रसाद, राजू प्रसाद, उत्तम प्रसाद, अशोक कुमार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर रामनवमी पर्व को सफल बनाने का संकल्प लिया।

