बरवाडीह में त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त व एसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

बरवाडीह (लातेहार)

ईद, सरहुल एवं रामनवमी पर्व को लेकर बरवाडीह प्रखंड में प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रखंड कार्यालय परिसर में अधिकारियों की बैठक आयोजित कर विधि-व्यवस्था की समीक्षा की गई, वहीं उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने क्षेत्र का दौरा कर तैयारियों का स्थलीय जायजा लिया।प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित बैठक में त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जुलूस मार्गों का सत्यापन कर सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि भीड़-भाड़ वाले स्थानों, जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहकर लगातार निगरानी करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।प्रशासन द्वारा बिजली, पेयजल, ट्रैफिक नियंत्रण सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि पर्व के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अजय कुमार रजक सहित प्रखंड प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रेश्मा रेखा मिंज ,एसडीपीओ भरत राम ,थाना प्रभारी अनुराग कुमार एवं अंचल अधिकारी लवकेश सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply