बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप शुक्रवार को आयुष विभाग की पहल पर भव्य आयुष मेला का आयोजन किया गया। मेले का विधिवत शुभारंभ प्रमुख सुशीला देवी, उप प्रमुख बिरेंद्र जायसवाल, डीएमओ डॉ. ओमप्रकाश, पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार सहित चिकित्सकों एवं जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहीं।इस अवसर पर डीएमओ डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों तक सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना संभव है। आयुष मेला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे लोगों को बिना किसी आर्थिक बोझ के उपचार मिल रहा है।मेले में आयुर्वेद, होमियोपैथी और यूनानी चिकित्सा पद्धति के माध्यम से ग्रामीणों का उपचार किया गया। योग विशेषज्ञों द्वारा योगाभ्यास कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। शिविर में सैकड़ों ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।वही कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लगभग 300 नींबू, अमरूद, आम, आंवला सहित अन्य औषधीय पौधों का वितरण किया गया। साथ ही लोगों को पौधों की देखभाल और उनके औषधीय महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।इसके अलावा महिलाओं के स्वास्थ्य व स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सेनेटरी पैड का वितरण किया गया। वहीं बुजुर्गों के बीच सहारा प्रदान करने के उद्देश्य से स्टिक (लाठी) भी बांटी गई, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके।जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से कराने पर बल दिया गया। वहीं, चिकित्सक डॉ. शुभांकुर कुमारी ने बताया कि शिविर में सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, त्वचा रोग और पाचन संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच कर उन्हें उपयुक्त दवाइयां दी गईं। साथ ही लोगों को नियमित योग, संतुलित आहार और स्वच्छ दिनचर्या अपनाने की सलाह दी गई।आयुष मेला को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इसमें भाग लेकर लाभ उठाया।

