बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह बस स्टैंड के डागों चाय दुकान के पास लंबे समय से खराब पड़े चापानल को व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि दीपक राज की पहल पर गुरुवार को दुरुस्त कर दिया गया। करीब छह माह से खराब इस चापानल के कारण स्थानीय दुकानदारों और आम लोगों को खासकर पेयजल की भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय दुकानदारों से समस्या की जानकारी मिलने के बाद दीपक राज ने तत्परता दिखाते हुए पीएचइडी विभाग से संपर्क किया और स्थल का निरीक्षण कराया। विभागीय मिस्त्री को तत्काल मरम्मत का निर्देश दिया गया, जिसके बाद चापानल के नीचे का क्षतिग्रस्त बेस बदला गया। साथ ही, सिलेंडर खराब होने और विभाग में उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में दीपक राज ने अपने निजी खर्च से नया सिलेंडर खरीदकर लगवाया। इसके अलावा, चापानल के आसपास सीमेंट से फर्श निर्माण भी कराया गया, जिससे लोगों को साफ-सुथरी और सुगम सुविधा मिल सके। इस पहल के बाद चापानल फिर से सुचारु रूप से चालू हो गया, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को काफी राहत मिली है। स्थानीय लोगों ने इस कार्य के लिए दीपक राज की सराहना करते हुए इसे जनहित में सराहनीय पहल बताया। मौके पर पीएचइडी विभाग के कनीय अभियंता पीयूष कुमार, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष शशि भूषण तिवारी, राजीव रंजन सिन्हा, विजय साव, बिरेंद्र ठाकुर, मिथिलेश कुमार, विष्णु साव, ऐनुल अंसारी, अनिल प्रसाद और नंदू साव सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

