मानस की वाणी से गूंजा ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर, भक्तिरस में डूबा उद्घाटन समारोह

मेदिनीनगर (पलामू)

रेड़मा ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में गुरुवार को आयोजित श्री रामचरितमानस नवाह परायण यज्ञ के उद्घाटन समारोह में श्रद्धा,भक्ति और सांस्कृतिक गरिमा का अनुपम संगम देखने को मिला।कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नम्रता त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि श्री रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला संपूर्ण आचार-संहिता है।उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य अपने जीवन में मानस की शिक्षाओं का अंश मात्र भी आत्मसात कर ले तो उसका जीवन स्वतः ही अनुशासित,मर्यादित और सार्थक बन सकता है।
उन्होंने कहा कि आज के भौतिकवादी दौर में जब समाज तनाव,स्वार्थ और नैतिक पतन जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, तब रामचरितमानस का संदेश प्रकाशस्तंभ की तरह मार्गदर्शन देता है।भगवान श्रीराम का जीवन त्याग,करुणा,कर्तव्य और मर्यादा का सर्वोच्च आदर्श प्रस्तुत करता है।इन मूल्यों को अपनाकर व्यक्ति न केवल स्वयं का बल्कि परिवार और समाज का भी कल्याण कर सकता है।
उद्घाटन से पूर्व मुख्य अतिथि ने श्री राम दरबार की परिक्रमा कर विधिवत पूजा-अर्चना की। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जैसे ही मानस पाठ का शुभारंभ हुआ, मंदिर परिसर “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।इसके बाद यज्ञ समिति की ओर से नम्रता त्रिपाठी का गाजे-बाजे,पुष्पमालाओं और पारंपरिक सम्मान के साथ भव्य स्वागत किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मानस पाठ में सहभागिता की। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों,संस्कारों और आपसी सौहार्द को सुदृढ़ करते हैं तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनते हैं।
इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दीनानाथ तिवारी,अजय तिवारी,ललन तिवारी,बसंत तिवारी, नवीन तिवारी,संतोष तिवारी(पिंकू),मनोज तिवारी (पिंटू),सत्य प्रकाश(मोनू),पारस विश्वकर्मा,विनय प्रसाद,पंकज सिंह,विकास तिवारी,संदीप विश्वकर्मा,भानु पांडेय,कुणाल शांति प्रिय,बबलू तिवारी,गुड्डू तिवारी,धनंजय तिवारी,सुशील तिवारी,अखिलेश तिवारी,छोटू पाठक,श्याम देव तिवारी,आर्यन तिवारी,संजय राम,लल्लू राम, कालू,गौतम,बलवंत एवं बबलू विश्वकर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यज्ञ समिति के अध्यक्ष रिंकू तिवारी और कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीण तिवारी ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस नवाह परायण यज्ञ में प्रतिदिन मानस पाठ,प्रवचन एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनसमूह ने धर्म,संस्कृति और समाज की उन्नति के लिए सामूहिक प्रार्थना की।

Leave a Reply