व्यवसायियों से मिले सांसद कालीचरण सिंह, कई समस्याओं पर हुई चर्चा

बरवाडीह (लातेहार)

चतरा संसदीय क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह ने शनिवार की रात बरवाडीह बाजार शेड में व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक की अध्यक्षता व्यवसायिक संघ के अध्यक्ष दीपक राज ने की। जिसमें दीपक राज ने वर्षों से बंद पड़े शौचालय को चालू कराने, बाजार क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट तथा सीसीटीवी कैमरा लगाने की मांग रखी। पूर्व अध्यक्ष विनोद प्रसाद ने भी बाजार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद को मांगपत्र सौंपा। संघ के प्रवक्ता बिरेंद्र ठाकुर ने गरीब रथ के ठहराव, त्रिवेणी लिंक एक्सप्रेस को पुनः चालू कराने तथा मंदिर मार्ग में फूट ओवर ब्रिज निर्माण की मांग उठाई। समाजसेवी श्यामली शर्मा ने भी रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था, प्लेटफार्म पर यात्री शेड बढ़ाने, एप्रोच पथ पर रोड लाइट लगाने, दिव्यांग व वृद्ध यात्रियों के लिए रैंप निर्माण तथा केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग की। साथ ही रेलवे अस्पताल में डॉक्टर की पोस्टिंग और जर्जर रेलवे क्लब शेड की मरम्मत कराने का भी अनुरोध किया। वहीं सांसद कालीचरण सिंह ने व्यवसायियों और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से वार्ता करने तथा यथासंभव समाधान कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। बैठक में प्रमुख सुशीला देवी, उप प्रमुख बिरेंद्र जयसवाल, मंडल अध्यक्ष मनोज प्रसाद, अंचल अधिकारी लवकेश सिंह, थाना प्रभारी अनुराग कुमार सहित कन्हाई सिंह, विनय सिंह, ईश्वरी सिंह, भीम प्रसाद, बंटी ठाकुर, कृष्णा कसेरा, विजय ठाकुर, जनता पाल, मिट्ठू अग्रवाल, सोनू सिंह, स्वरित छाबड़ा, सिराज अहमद, धीरेन्द्र गोस्वामी, मंगलदीप चौरसिया, विनोद सिंह समेत सैकड़ों व्यवसायी उपस्थित थे।

Leave a Reply