हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी इंडियन पेट्रोल पंप के समीप एनएच 98 पर सोमवार क ट्रैक्टर व बाइक के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस की तत्परता से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया । घायल युवक की पहचान सीमावर्ती बिहार के औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढूंढा गांव निवासी रामदयाल राम के 22 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। घायल प्रिंस कुमार के एक साथी ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ बाइक से तेंदुआ गांव स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने जा रहा था। इसी दौरान फोरलेन सड़क पर बने डिवाइडर के पास विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रैक्टर से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर गश्त कर रही हरिहरगंंज थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को घटनास्थल पर छोड़कर इंजन लेकर फरार हो गया। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अरविंद कुमार दास ने बताया कि दुर्घटना में घायल युवक के बाएं कंधे और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

