मेदिनीनगर (पलामू)
झालसा के दिशा निर्देश पर पलामू जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में गुरुवार को एकदिवसीय पारा लीगल वालंटियर का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन एलएडीसी चीफ अमिताभ चंद्र सिंह, डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय, जिला रोड सेफ्टी मैनेजर विनीत कुमार, पारा लीगल वालंटियर इंदू भगत व डीएलएसए कार्यालय प्रभारी संजीव सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में जानकारी देते हुए एलएडीसी चीफ अमिताभ चंद्र सिंह ने कहा कि पारा लीगल वॉलिंटियर ज्यादा से ज्यादा केस में सुलह कराकर वादों का निपटारा कराएं। उन्होंने कहा कि जमीन के मामलों का भी निपटारा कराना जरूरी है। इसके लिए सीओ के माध्यम से जमीन का डिमांड अलग-अलग खुलवा सकते हैं। उन्होंने पारा लीगल को इसके लिए पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया। मौके पर एलएडीसी डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि पीएलभी को समय-समय पर प्रशिक्षण जरूरी है। इससे दक्षता बढ़ती है। मार्गदर्शन मिलता है तो ज्ञानवर्धन होता है। काम करने में आसानी होती है। कहा कि आप सभी की बड़ी जवाबदेही है। उन्होंने कहा कि ग्रास रूट पर अपनी जवाबदेही निभाने वाले पीएलवी किसी भी प्रताड़ित व्यक्ति को विधि जानकारी देकर उसे न्याय दिलाने में मदद कर सकते हैं। अगर जेल में व्यक्ति बंद हो उसे सरकारी लाभ से वंचित होना पड़ रहा है तो उसे भी सरकारी लाभ दिलाया जाना पीएलवी का भी कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि बर्न इंजरी, विकलांगता आदि में मुआवजा दिलाया जाता है। उन्होंने कहा कि पोक्सो, गैंगरेप, एसिड से हमला, व मारपीट में घायल हो जाने पर भी मुआवजा दिलाया जाता है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से भी सुलह कराया जाता है।उन्होंने 14 मार्च को आहूत राषटीय लोक अदालत में मामले निस्तारण को ले पक्षकारों को जागरूक करने को कहा।
मौके पर जिला रोड सेफ्टी मैनेजर विनीत कुमार ने कहा कि लोगों को हेलमेट पहनकर दो पहिया वाहन चलाने व सीट बेल्ट बांधकर चार पहिया वाहन चलाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिट एंड रन के मामले में दो लाख रुपए तक का मुआवजा मिल सकता है। साथ ही घायल को 50 हजार रुपए तक मुआवजा प्रदान किए जाते हैं। उन्होंने इसका बेनिफिट उठाने के लिए पीएलवी को पूरी जानकारी प्रदान की। उन्होंने नेक नागरिक योजना की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी सड़क पर एक्सीडेंट करता है तो एक घंटे के अंदर में अस्पताल पहुंचने पर राज्य सरकार दो हजार रुपए व सेंट्रल गवर्नमेंट द्वारा पांच हजार रुपए प्रदान किए जाते हैं। इस बेनिफिट को पाने के लिए हरेक सीएचसी एवं सभी अस्पतालों में नेक नागरिक का फार्म उपलब्ध है।इस मौके पर विनय प्रसाद, शैलेंद्र तिवारी,उर्मिला देवी,दर्जनों पीएलवी उपस्थित थे।

