जीवन की नई उड़ान के लिए तैयार हों विद्यार्थी : चेयरमैन
मेदिनीनगर (पलामू)
संत मरियम विद्यालय में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों केलिए फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। यह अवसर विद्यार्थियों के विद्यालयीन जीवन की स्मृतियों को सहेजने और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देने का रहा।
विद्यालय चेयरमैन श्री अविनाश देव, प्राचार्य कुमार आदर्श व अन्य शिक्षकों ने छात्रों को स्मृति चिन्ह भेंट कर शुभकामनाएं दी।
समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन ने कहा कि कक्षा 12वीं का पड़ाव केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि जीवन की नई दिशा की शुरुआत है। यह वह समय है जब छात्र अपने लक्ष्य तय करते हैं और अपने संस्कारों के साथ समाज में आगे बढ़ते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा,
सफलता का वास्तविक अर्थ केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना है। अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम और नैतिक मूल्य ही आपको जीवन में ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे।
श्री देव ने यह भी कहा कि संत मरियम विद्यालय केवल शिक्षा नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और नेतृत्व का निर्माण करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे जहाँ भी जाएँ, अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय की गरिमा को सदैव बनाए रखें।
वहीं प्राचार्य कुमार आदर्श ने कहा कि आज का दिन भावनाओं से भरा हुआ है, क्योंकि विद्यालय अपने उन छात्रों को विदा कर रहा है, जिन्होंने वर्षों तक इस परिसर को अपने सपनों, मेहनत और मुस्कान से जीवंत रखा।
कार्यक्रम के दौरान जूनियर विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, वहीं कक्षा 12वीं के छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। भावुक क्षणों के बीच समारोह सम्पन्न हुआ और विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।
उक्त मौके पर शिक्षक प्रवीण दुबे, सुधांशु दुबे, विकास विश्वकर्मा व अन्य शिक्षक मौजूद थे।

