रेहला थाना परिसर में व्यवसायियों के साथ पुलिस की वृहद बैठक

  • सुरक्षा, सतर्कता और आपसी समन्वय पर दिया गया जोर

फोटो कैप्शन :
विश्रामपुर, पलामू : रेहला थाना परिसर में थाना क्षेत्र के सभी व्यवसायियों के साथ पुलिस की एक वृहद बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक रामाशिष पासवान ने किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा पुलिस और व्यवसायी वर्ग के बीच आपसी समन्वय को और मजबूत करना रहा।
बैठक के दौरान पुलिस निरीक्षक रामाशिष पासवान ने व्यवसायियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में छोटी-छोटी लापरवाहियां भी बड़ी घटनाओं को जन्म दे सकती हैं, इसलिए सभी दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाने, रात्रि के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने व्यवसायियों से यह भी आग्रह किया कि वे अपने प्रतिष्ठान के आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखें और अनजान व्यक्तियों, संदिग्ध वाहनों अथवा असामान्य गतिविधियों की जानकारी बिना किसी भय के थाना को दें। पुलिस हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करेगी।
बैठक में मौजूद रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने व्यवसायियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने कहा कि व्यवसायी पुलिस को अपना मित्र समझें और किसी भी समस्या, भय या आशंका को खुलकर साझा करें। पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है और समय रहते समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि व्यवसायियों के सहयोग से क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को काफी सहायता मिलती है। उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी अफवाह या असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आएं।
बैठक के दौरान व्यवसायियों ने भी अपनी समस्याओं, सुरक्षा से जुड़े सुझावों एवं अनुभवों को पुलिस के समक्ष रखा। पुलिस अधिकारियों ने सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
अंत में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की बैठकें आगे भी निरंतर आयोजित की जाएंगी, ताकि पुलिस और व्यवसायी वर्ग के बीच संवाद बना रहे और क्षेत्र को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।

Leave a Reply