हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज क्षेत्र के कौवाखोह सतभुरवा स्थित एनएच 98 फोरलेन सड़क पर गुरुवार को स्कार्पियो चालक की मौत हो गई। जबकि उसमें सवार चार लोग घायल हो गये । मृतक की पहचान गढ़वा जिले के झुरा गांव निवासी 60 वर्षीय अरुण कुमार तिवारी के रूप में हुई है। जबकि घायल मृतक की पत्नी इंदु देवी तथा पलामू जिले के विश्रामपुर थाना अंतर्गत तोलरा गुरी भंडार निवासी विजय कुमार पाण्डेय, सरोज देवी, सुनीता देवी शामिल हैं। वहीं वाहन में सवार सोनी देवी को मामूली चोटें आईं है । स्कार्पियो में सवार सभी छह लोग एक ही परिवार के बताए जाते हैं। स्कार्पियो जेएच 14 डी 2252 से अपने रिश्तेदार के घर जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने बिहार के औरंगाबाद जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कार्पियो चालक ने आगे चल रहे हाइवा ट्रेलर बीआर 24 जीबी 6211 से ओवरटेक कर साइड लेने का प्रयास कर रहे थे । तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात बाइक सवार को बचाने में हाइवा चालक ने वाहन को बांऐं की ओर मोड़ दी । इससे हाइवा से स्कार्पियो में टक्कर हो गई और दोनों वाहन सड़क किनारे जाकर पलट गए । घटना के बाद एनएचएआई के एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने अरुण तिवारी को मृत घोषित कर दिया। जबकि विजय पाण्डेय व सरोज देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूचना के बाद एसआई राकेश कुमार सिंह एएसआई विनोद कुमार राय सदल बल घटनास्थल पर पहुंचे और घटना के कारणों की जांच करते हुए वाहनों को जब्त किया। वहीं पुलिस शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए मेदिनीनगर भेज दिया है।

