हरिहरगंज (पलामू)
बिहार–झारखंड सीमा पर पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पथरा ओपी में अनुमंडलीय पुलिस अधिकारियों की सोमवार को अपराध समीक्षा बैठक हुई। छतरपुर एसडीपीओ अवध यादव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अनुमंडल क्षेत्र के सर्किल इंस्पेक्टर सहित सभी थाना प्रभारी शामिल हुए ।
बैठक के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में घटित आपराधिक घटनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से अंतर्राज्यीय अपराध, नक्सल गतिविधियों की आशंका, अवैध तस्करी तथा असमाजिक तत्वों की गतिविधियों पर गहन चर्चा हुई। एसडीपीओ ने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग के बिना सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण संभव नहीं है। इसके लिए ग्रामीणों से नियमित संवाद, पंचायत स्तर पर बैठकें तथा जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया । ताकि लोग निर्भीक होकर पुलिस को आपराधिक गतिविधि को सूचना दे सकें। वहीं सीमावर्ती इलाकों में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सामूहिक रूप से रणनीति तय की गई।
बैठक में छतरपुर सर्किल इंस्पेक्टर द्वारिका राम छतरपुर थाना प्रभारी प्रशांत प्रसाद महिला थाना प्रभारी मुन्नी कुमारी, हरिहरगंज थाना के पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार,पिपरा थाना प्रभारी बिमल कुमार, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी अमित कुमार द्विवेदी, पथरा ओपी प्रभारी मंटु कुमार, लठेया पिकेट के धर्मवीर कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

