हाथी के हमले से युवक की मौत, क्षेत्र में दहशत

बरवाडीह(लातेहार)

छिपादोहर थाना क्षेत्र के पंचायत–केड़ अंतर्गत ग्राम मतनाग में जंगली हाथी के हमले से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान मतनाग निवासी मुनेश्वर कोरवा के रूप में हुई है। घटना रविवार शाम करीब 4 बजे की बताई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार मुनेश्वर कोरवा केड़ चौक बाजार से खरीदारी कर जंगल के कच्चे रास्ते से अपने घर मतनाग लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक जंगली हाथियों का एक झुंड सामने आ गया। हाथियों ने मुनेश्वर को घेर लिया और कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना मिलते ही रेंजर अजय टोप्पो एवं प्रभारी वनपाल राम कश्यप, नवीन कुमार के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। वन कर्मियों ने आसपास के इलाके का मुआयना कर स्थिति का जायजा लिया। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल के रास्ते आवागमन करना अब जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। लोगों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नियंत्रण और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस व स्थायी उपाय करने की मांग की है।

Leave a Reply