केंद्रीय विद्यालय संगठन की टीम सोमवार को पहुंचेगी बरवाडीह
बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह रेलवे क्षेत्र में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय खोलने की प्रक्रिया एक बार फिर तेज हो गई है। इसी क्रम में आज सोमवार को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की एक टीम बरवाडीह पहुंचेगी। टीम में रांची जोन के सहायक आयुक्त सहित अन्य अधिकारी शामिल होंगे।इसकी जानकारी जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने दी। संतोषी बताया कि तकनीकी कारणों से बीते सत्र में केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू नहीं हो सका था। इसके बाद पीएमओ में शिकायत किए जाने पर अब पुनः प्रक्रिया को गति दी गई है।उन्होंने बताया कि टीम अस्थायी संचालन के लिए रेलवे स्कूल भवन का निरीक्षण करेगी, साथ ही स्थायी भवन निर्माण हेतु चयनित स्थल का भी जायजा लेगी। निरीक्षण के उपरांत सोमवार की शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपनी रिपोर्ट मानव संसाधन मंत्रालय को सौंपेगी।

