- पति के कथित प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला, ससुराल–मायके से दूर हत्या कर शव छुपाना छोड़ रहा कई सवाल
विश्रामपुर (पलामू )
पलामू जिले के नावाबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत तुकबेरा पंचायत के डेरवना गांव में एक नवविवाहिता का शव किचड़ में दफन मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। यह मामला अब केवल एक संदिग्ध मौत नहीं, बल्कि हत्या, साक्ष्य नष्ट करने और पूर्व नियोजित साजिश की ओर स्पष्ट इशारा कर रहा है।
मृतका की पहचान 22 वर्षीय प्रियंका कुमारी उर्फ पूजा कुमारी के रूप में हुई है। वह विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भूखला गांव निवासी रंजीत मेहता की पत्नी थी। हैरानी की बात यह है कि हत्या का स्थान न तो ससुराल है और न ही मायका, बल्कि एक तीसरा, सुनसान इलाका, जो पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना रहा है।
महिला का शव कीचड़ और दलदली जमीन में गहराई से दफन पाया गया। बतौर मजिस्ट्रेट नियुक्त नावाबाजार प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी रेणु बाला की मौजूदगी में नावाबाजार थाना पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मौत की असली वजह जानने के लिए फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी।
मृतका पांडू थाना क्षेत्र के दरुआ गांव निवासी द्वारिका महतो की पुत्री थी। उसकी शादी कुछ माह पूर्व ही रंजीत मेहता से हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दांपत्य जीवन में तनाव बना हुआ था।
मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसके पति रंजीत मेहता का किसी अन्य महिला के साथ कथित प्रेम संबंध था। इसी को लेकर पति पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था।
हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल को भी जांच के केंद्र में रखा गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिस स्थान पर शव दफनाया गया था, वहां लोगों की आवाजाही रोकने के लिए एक कुत्ते को मारकर वहीं फेंक दिया गया, ताकि दुर्गंध के कारण कोई पास न पहुंचे और शव पूरी तरह गल जाए।
ग्रामीणों ने बताया कि शव दफन किए जाने की चर्चा चार पांच दिनों से गांव में फैल रही थी, जिसके बाद बुधवार की शाम इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
घटना के बाद मृतका के परिजनों और ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। लोगों ने मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।
नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने कहा कि मामले की हर एंगल से गंभीर जांच की जा रही है। साक्ष्य संकलन का काम जारी है और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

