हरिहरगंज (पलामू)
प्रखंड क्षेत्र के सुदूरवर्ती ढकचा पंचायत अंतर्गत बुडलेवा टोला में रास्ता काटे जाने और ग्रामीणों के साथ कथित प्रताड़ना का मामला सामने आया है। गांव के पांच दर्जन से अधिक महिला – पुरूष ग्रामीणों ने क्षेत्रीय विधायक संजय कुमार सिंह यादव को हस्ताक्षरी आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके पूर्वज लगभग 150 वर्षों से उक्त स्थान पर रह रहे हैं। उस समय जमींदारों द्वारा उन्हें घर बनाने के लिए जमीन तथा आने-जाने के लिए रास्ता उपलब्ध कराया गया था। तभी से वह रास्ता गांव के लोगों के आवागमन के लिए उपयोग में रहा है। लेकिन हाल के दिनों में कुछ कथित भू-माफिया तत्वों द्वारा उस रास्ते को जबरन काट दिया गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। इतना ही नहीं, गांव के बच्चों के स्कूल जाने तथा श्मशान घाट तक पहुंचने का यही एकमात्र रास्ता है । जिसे अब पूरी तरह बाधित कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इस संबंध में विधायक ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। मौके पर ललू भुईयां, रामरति भुईयां, राजेश भुईयां सुरेंद्र कुमार, अमित कुमार, राजकुमार, राहुल कुमार, उपेंद्र कुमार, मंटू भुईयां, साजन कुमार, लालमोहन भुईयां, सहेंद्र भुईयां, अनिश भुईयां, पुनिया देवी, पूर्णिया देवी, विनती देवी, ममता देवी, कोशिला देवी, शांति देवी, कविता देवी आदि ग्रामीण मौजूद थे ।

