हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना के कांड संख्या 48/24 में पुलिस अनुसंधान में बड़ा खुलासा हुआ है। दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाकर दर्ज कराए गए मामले में मृत बताई जा रही महिला तीन साल बाद जीवित मिली है। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि पलामू एसपी और एसडीपीओ छतरपुर के निर्देश पर तकनीकी शाखा की मदद से मोबाइल लोकेशन ट्रेस में महिला को महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ में जीवित और सकुशल होने की पुष्टि हुई। मामले को लेकर खड़गपुर निवासी राम प्रवेश मेहता ने अपनी पुत्री कविता मेहता की दहेज में कार नहीं देने पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए बिहार के औरंगाबाद जिले के रिसियप थाना के देवी नेवरा गांव निवासी पति विनय मेहता, ससुर मुद्रिका मेहता, सास पार्वती देवी देवर शिवशंकर मेहता को आरोपी बनाया था। मालूम हो कि 2023 में शादी के बाद कविता अपने पति के साथ दिल्ली चली गई थी। काफी खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर 4 अक्टूबर 2023 को दिल्ली के मंडावली थाना में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बाद में डालटनगंज न्यायालय के निर्देश पर हरिहरगंज थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। अनुसंधान में महिला के जीवित होने की जानकारी मिलते ही परिजनों ने थाना में शपथपत्र देकर केस वापस ले लिया है। पुलिस शपथपत्र के आधार पर अग्रेतर कार्रवाई कर रही है।

