मेदिनीनगर (पलामू)
समाहरणालय में वृद्ध पारसनाथ प्रजापति की मदद को आगे आए उपायुक्त,बैसाखी के साथ गंतव्य तक पहुंचाने की भी करायी व्यवस्था
प्रशासनिक दायित्वों के साथ मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को एक वृद्ध व्यक्ति की परेशानी को देख तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की पहल की। उनकी इस संवेदनशीलता ने यह संदेश दिया कि प्रशासन का दायित्व केवल सरकारी कार्यों का निष्पादन करना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर उनकी मदद करना भी है।
दरअसल, मेदिनीनगर के जोरकट निवासी पारसनाथ प्रजापति वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित जानकारी लेने समाहरणालय स्थित सामाजिक सुरक्षा कार्यालय पहुंचे थे। वे समाहरणालय के वेटिंग एरिया में कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान समाहरणालय पहुंचे उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की नजर उन पर पड़ी। उपायुक्त श्री शेखावत स्वयं उनके पास पहुंचे और उनका हालचाल पूछते हुए स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली।बातचीत के क्रम में उपायुक्त श्री शेखावत ने पाया कि वृद्ध पारसनाथ प्रजापति लकड़ी की बैसाखी के सहारे चलने-फिरने को मजबूर हैं। उनकी परेशानी को देखते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को उन्हें बैसाखी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया जिसके पश्चात उन्हें बैसाखी उपलब्ध कराई गयी।इसके साथ ही जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के स्तर से उन्हें उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था भी की गयी।

