कुपोषित बच्चों की पहचान को लेकर सेविकाओं का पांच दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

विश्रामपुर (पलामू)

अति कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान,उनकी स्वास्थ्य स्थिति की निगरानी व उपचार सुनिश्चित करने को लेकर विश्रामपुर प्रखंड के सभागार में आंगनबाड़ी सेविकाओं के लिए पांच दिवसीय प्रशिक्षण गुरुवार को सम्पन्न हुआ.पर्यवेक्षिका शिमला कुमारी ने बताया कि प्रशिक्षण के लिए दस सेक्टर बनाए गए थे.प्रतिदिन दो सेक्टर की आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रशिक्षण दिया गया.
प्रशिक्षण में समर कार्यक्रम के क्षेत्रीय प्रबंधक नवीन कुमार,समर एप ट्रेनर शिवम पासवान,दीपक कुमार,महिला पर्यवेक्षिका एकता नाथ,खुशबू कुमारी व ज्योति कुमारी ने सेविकाओं को कुपोषण की पहचान तथा डिजिटल निगरानी की जानकारी दी.नवीन कुमार ने बच्चों की ऊंचाई व वजन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मापने पर जोर दिया.उन्होंने कहा कि सही माप से ही पोषण स्थिति का सही आकलन संभव है.अति गंभीर कुपोषित बच्चों को समय पर चिह्नित कर चिकित्सीय जटिलता की स्थिति में तत्काल स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की बात कही गई.ट्रेनरों ने समर एप के माध्यम से अति कुपोषित बच्चों की डिजिटल निगरानी की प्रक्रिया समझाई.बच्चे की पहचान के बाद उसकी जानकारी समय पर एप पर दर्ज करने और नियमित फॉलोअप पर जोर दिया गया.साथ ही टीएचआर (टेक होम राशन) की गुणवत्ता,वितरण व उचित उपयोग की जानकारी दी गई.प्रशिक्षण में विश्रामपुर बाल विकास परियोजना के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की सेविकाएं शामिल थीं.

Leave a Reply