पांकी में डीडीयू-जीकेवाई के तहत प्रखंड स्तरीय रोजगार मेला आयोजित, 1200 से अधिक युवाओं ने कराया निबंधन

मेदिनीनगर (पलामू)

दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत सोमवार को पांकी प्रखंड कार्यालय परिसर में प्रखंड स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ चतरा सांसद श्री काली चरण सिंह, उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पांकी प्रखंड प्रमुख ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

रोजगार मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 10 से अधिक कंपनियों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां युवाओं को उपलब्ध रोजगार के अवसरों, पदों, योग्यता एवं चयन प्रक्रिया से संबंधित जानकारी दी गई। रोजगार प्राप्त करने की इच्छा से 1200 से अधिक युवाओं ने निबंधन कराया। प्रेस विज्ञप्ति जारी किए जाने तक अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी एवं चयन प्रक्रिया जारी थी।

इस दौरान चतरा सांसद श्री काली चरण सिंह एवं उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने चयनित 10 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं में उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर चतरा सांसद श्री काली चरण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त करना एक बड़ी चुनौती है। ऐसे में रोजगार मेले युवाओं और नियोक्ता कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं में हुनर और कार्य करने की इच्छाशक्ति हो तो रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास से जुड़ने और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि केवल शैक्षणिक योग्यता ही नहीं, बल्कि वर्तमान रोजगार बाजार की आवश्यकता के अनुरूप कौशल विकसित करना भी जरूरी है। DDU-GKY जैसे कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण, रोजगार और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी रुचि एवं योग्यता के अनुरूप उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की।

ज्ञातव्य है कि पलामू जिले में 24 से 29 सितंबर 2026 तक दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के तहत प्रखंड स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है।
रोजगार मेले में उपरोक्त के अलावे जेएसएलपीएस डीपीएम केरकेट्टा,विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों की उपस्थिति रही।

Leave a Reply