हरिहरगंज (पलामू)
मेदिनीनगर-औरंगाबाद मुख्य मार्ग एनएच 98 के हरिहरगंज मेन रोड में बने आधा दर्जन बड़े स्पीड ब्रेकर बिना किसी संकेतक के लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही के कारण आए दिन बाइक सवार, ऑटो और टोटो सवार गिरकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार हरिहरगंज के कटैया मोड़ नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत भगत तेंदुआ, अररूआ खुर्द कॉलेज मोड़ ,थाना के समीप, सीता हाई स्कूल के मैदान स्थित सतगावां मोड़ तथा ब्लॉक मोड़ के समीप सड़क पर बड़े-बड़े ब्रेकर बनाए गए हैं। लेकिन किसी भी ब्रेकर पर न तो सफेद पट्टी है, न रेडियम, न ही 50 मीटर पहले लगने वाला चेतावनी बोर्ड। रात के अंधेरे में तो ब्रेकर बिल्कुल दिखाई नहीं देते। लोगों ने बताया कि तेज रफ्तार में आने वाले बाइक सवार अचानक ब्रेकर आने से संतुलन खो बैठते हैं और सड़क पर गिर जाते हैं। कई बार ऑटो और टोटो पलटने की भी घटनाएं हो चुकी हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस संबंध में कई बार मौखिक रूप से कहा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए अविलंब सभी छह स्पीड ब्रेकर पर थर्मोप्लास्टिक सफेद -काली पट्टी,रेडियम रिफ्लेक्टर तथा मानक संकेतक बोर्ड लगाने की मांग नगर पंचायत प्रशासन और एनएचएआई से की है । जिससे कि भविष्य में होनेवाले हादसों को रोका जा सके।

