बरियातू- उड़ती धूल से निजात को लेकर 24 सितंबर को शांति मार्च

बारियातू (लातेहार)

बरियातू प्रखंड मुख्यालय में जर्जर सड़क और वाहनों के आवागमन से उड़ रहे धूल कण की समस्या को लेकर शनिवार को महावीर मंदिर परिसर में ग्रामीणों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी सह विधायक प्रतिनिधि राकेश प्रसाद ने की। इसमें सड़क से उड़ती धूल के कारण आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों को हो रही परेशानी पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि प्रखंड मुख्यालय की प्रमुख सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। वाहनों के गुजरने के दौरान सड़क से धूल के गुबार उठते हैं, जिससे आसपास के दुकानदारों और घरों में रहने वाले लोगों को परेशानी होती है। धूल के कारण दुकानों में रखे सामान भी प्रभावित हो रहे हैं। बैठक में सड़क की नियमित सफाई कराने, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने, आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाने तथा साप्ताहिक बाजार परिसर की साफ-सफाई कराने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा जर्जर सड़क की शीघ्र मरम्मती कराने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की मांग की जा रही है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से परेशानी बनी हुई है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 24 सितंबर को प्रखंड मुख्यालय में शांतिपूर्ण शांति मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने अधिक से अधिक लोगों से शांति मार्च में शामिल होने की अपील की।
बैठक में वीरेंद्र पासवान, मनीष कुमार, पवन प्रसाद, अरविंद प्रसाद, माधव प्रसाद, मदन सोनी, अमन कुमार, राजन प्रसाद, केशौ प्रसाद, सागर कुमार, कृष्णा कुमार, सौरव प्रसाद, राजेश प्रसाद,राजन प्रसाद, दैनिक राज समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply