हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र के सुदूरवर्ती कूलहिया गांव निवासी पशुपालक कृष्णा यादव के दो भै़स की मौत वज्रपात की चपेट में आने से हो गई। जबकि भैंस चरा रहे कृष्णा यादव घायल हो गए। घटना बीते गुरुवार के अपराह्न की बताई जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कृष्णा यादव जगदीशपुर गांव स्थित नहर के किनारे पशु चरा रहे थे। तभी हल्की बारिश के साथ अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आने से दोनों भैंस की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं कुछ दूरी पर रहे पशुपालक कृष्णा यादव भी वज्रपात के झटके से घायल हो गए। जिनका इलाज स्थानीय सीएचसी में किया गया। इलाज के बाद उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुखिया मथुरा रजक यादव महासभा के प्रखंड अध्यक्ष संजय यादव घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। तथा पशुपालक को हुई क्षति की जानकारी अंचलाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा को दी । साथ ही आपदा प्रबंधन के तहत पशुपालक को उचित मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। घटना के बाद पशुपालक के परिवार में मायूसी है । इससे पशुपालक को करीब 1 लाख 25 हजार रुपए का आर्थिक नुक़सान बताया जाता है।

