लातेहार- श्री कृष्ण के रूप में सजे नन्हे भैया-बहनों ने मोहा मन

बारियातू (लातेहार)

बरियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर बारीयातु में गुरुवार को श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शिशु वाटिका के भैया-बहनों के लिए रूप-सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्या विकास समिति झारखंड के योजनानुसार किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के 30 भैया-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वंदना सभा के दौरान भगवान श्री कृष्ण एवं राधा रानी की मनमोहक व आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई। श्री कृष्ण एवं राधा के रूप में सजे बच्चों की प्रधानाचार्य जीतेन्द्र राम समेत सभी आचार्य एवं दीदी जी ने आरती उतारी। दीदी जी द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों से पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया।
प्रधानाचार्य जीतेन्द्र राम ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति एवं सनातन धर्म के त्योहारों से परिचित कराना है। साथ ही भगवान श्री कृष्ण के चरित्र एवं उनके गुणों से बच्चों को सीख देने, बचपन से नैतिक मूल्यों का विकास करने तथा प्रेम, मित्रता व भाईचारे की भावना बढ़ाने का प्रयास किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों के अभिनय व संवाद कौशल को निखारने और खेल-खेल में सीखने का अवसर भी मिला। सभी प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम की सफलता में सभी आचार्य एवं दीदी जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply