मेदिनीनगर (पलामू)
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली जिला योजना कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति द्वारा विभिन्न विभागों की 100 से अधिक योजनाओं का अनुमोदन किया गया।
अनुमोदित योजनाओं में पीसीसी सड़क निर्माण, नाली, सड़क, पुल-पुलिया, विद्यालयों की मरम्मती, बोरिंग एवं सीसीटीवी अधिष्ठापन समेत अन्य कार्य शामिल हैं। वहीं, 13 योजनाओं को घटनोत्तर स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें प्रमुख रूप से पेयजल आधारित योजनाएं शामिल हैं।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में क्रियान्वित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कुल 105 योजनाओं में से 33 योजनाएं पूर्ण पाई गईं, जबकि 72 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। उपायुक्त ने सभी लंबित योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
जिला योजना पदाधिकारी रमण कुमार ने बताया कि जिला अनाबद्ध निधि का मुख्य उद्देश्य जिले में मिसिंग गैप एवं क्रिटिकल गैप को भरना, आधारभूत संरचनाओं का विकास करना तथा पिछड़े क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देते हुए क्षेत्रीय विषमता को दूर करना है।बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता समेत जिला योजना कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

