हरिहरगंज (पलामू)
थाना क्षेत्र के सरसोत पंचायत अंतर्गत एकौनी गांव निवासी स्वo हरि भुईंया के 16 वर्षीय पुत्र उमेश कुमार की वज्रपात के चपेट में आने से मौत हो गई। जबकि पथरा गांव निवासी स्वo सुदेश्वर भुईंया का 15 वर्षीय पुत्र गणेश भुईंया घायल हो गया। घटना मंगलवार दोपहर की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक पथरा गांव के समीप मरघटी बांध के समीप मवेशी चरा रहे थे। तभी बारिश के साथ अचानक हुए वज्रपात की चपेट में आ गए। आनन-फानन में दोनों को इलाज के लिए स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां ऑन ड्यूटी मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ० गोपाल प्रसाद ने जांचोपरांत उमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल गणेश का इलाज किया गया । घायल की स्थिति खतरे से बाहर बताई जाती है। घटना के बाद मृतक किशोर के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की जानकारी के बाद सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश कुमार यादव भी सीएचसी पहुंचे और घायल गणेश का हाल जाना। तथा मृतक के परिवार जनों से मिलकर उन्हें ढाढ़स बंधाया।

