हरिहरगंज (पलामू )
पिपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा जपला-पथरा मुख्य मार्ग के बांसदोहर के समीप स्थित वैष्णो हिंदुस्तान पेट्रोलियम पंप के मैनेजर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। घटना सोमवार 15 अगस्त सुबह 10:40 बजे की बताई जाती है। मृतक की पहचान हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कुर्मीपुर टोला निवासी सुरेश चौधरी के 31 वर्षीय पुत्र राजू कुमार चौधरी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पेट्रोल पंप के कार्यालय में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग जाने से जलकर उसकी मौत हो गई। इस संबंध में पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया है। वहीं पुलिस घटना के संबंध में सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच करते हुए अग्रेतर कार्रवाई में जुटी हुई है।

