कोयल नदी उफान पर, मेदिनीनगर व इसके आसपास के इलाकों में घुसा पानी

मेदिनीनगर (पलामू)

मेदिनीनगर व इसके आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश के बाद कोयल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़कर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। कोयल रिवर फ्रंट का पूरा हिस्सा पानी में समा गया है और नदी का पानी सड़क पर बह रहा है। जिला प्रशासन ने लोगों से नदी के पास नहीं जाने की अपील की है। एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर पुलिस माइकिंग कर लोगों को जागरूक कर रही है। सदर एसडीएम संजय पांडे ने बताया कि सीओ अमरदीप बल्होत्रा के नेतृत्व में गोताखोर और मजिस्ट्रेट की टीम तैनात की गई है।

इधर लातेहार, गुमला, लोहरदगा समेत आसपास के जिलों में पिछले कई घंटों से हो रही लगातार बारिश के कारण कोयल नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. करीब एक साल बाद कोयल नदी में इस तरह का भारी उफान देखने को मिल रहा है.
कोयल नदी का जलस्तर बढ़ने से सदर प्रखंड के सिंगरा के कई इलाकों के खेतों में पानी घुस गया है. इससे कई एकड़ में लगी धान की फसल को नुकसान होने की आशंका है. वहीं, मेदिनीनगर शहर के चनवारी, पहाड़ी मोहल्ला, हमीदगंज समेत कई निचले इलाकों में भी नदी का पानी भर गया है.
नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. मेदिनीनगर में कोयल नदी के किनारे बना कोयल रिवर फ्रंट भी बाढ़ के पानी की चपेट में आ गया है. इसका बड़ा हिस्सा पानी में डूब चुका है.
पलामू जिला प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए नदी किनारे के निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है. प्रशासन ने लोगों से किसी भी परिस्थिति में नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की है. साथ ही बच्चों और पशुओं को भी नदी से दूर रखने की सलाह दी गई है.
निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर चले जाने को कहा गया है प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार जलस्तर एवं पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

Leave a Reply