छिपादोहर पूर्वी वन क्षेत्र में छापेमारी, 50 हजार की अवैध सखुआ लकड़ी जब्त

बेतला (लातेहार )

पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) के छिपादोहर पूर्वी वन क्षेत्र में वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी अभियान चलाकर करीब 50 हजार रुपये मूल्य की अवैध सखुआ लकड़ी जब्त की है। मामले में लकड़ी तस्करों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, वन विभाग को सूचना मिली थी कि अमवाटीकर जंगल से अवैध रूप से काटी गई सखुआ लकड़ी को तस्करी के लिए जमा किया गया है। सूचना मिलते ही रेंजर अजय टोप्पो के निर्देश पर प्रभारी वनपाल शशांक पांडेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए सखुआ के सात सिल्ली बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर वन कार्यालय लाया गया।
रेंजर अजय टोप्पो ने कहा, “पलामू टाइगर रिजर्व क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन संपदा की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
वहीं प्रभारी वनपाल शशांक पांडेय ने बताया, “जब्त सखुआ लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है। तस्करों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में गश्ती और निगरानी भी बढ़ा दी गई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।”
छापेमारी दल में अमित प्रसाद, बैजनाथ रविदास, प्रमोद मिंज सहित अन्य वनकर्मी शामिल थे। वन विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वन अपराध की सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply