हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज नगर पंचायत द्वारा ऑटो चालकों को बगैर सुविधा उपलब्ध कराए कथित मनमाने ढंग से सैरात शुल्क वसूली के विरोध में ऑटो रिक्शा चालकों का अनिश्चितकालीन हड़ताल गुरुवार से शुरू हो गई । जिससे आम लोगों तथा यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मालूम हो कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से शहर आने के लिए एकमात्र साधन ऑटो व ई रिक्शा ही है। ऑटो नहीं चलने के कारण अन्य वाहन की तलाश करते सवारियों की पुरानी बस स्टैंड के समीप यात्रियों की भीड़ देखी गई। उधर अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर ऑटो रिक्शा चालक संघ द्वारा प्रशासन को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि नगर पंचायत द्वारा ऑटो पड़ाव बनाने, पेयजल व शौचालय की सुविधा मुहैया कराने, ऑटो चालकों का दुर्घटना बीमा सहित अन्य लाभ सुनिश्चित करने तथा निर्धारित सैरात शुल्क में पचास प्रतिशत कटौती होने तक हड़ताल जारी रहेगी। इस दौरान मेन रोड स्थित मध्य विद्यालय के मैदान के समीप ऑटो चालकों ने प्रदर्शन भी किया।

