मेदिनीनगर (पलामू)
चतरा एसपी अनिमेष नैथानी के आवास के मुख्य गेट के सामने प्राइवेट गार्ड की दिनदहाड़े हत्या मामले में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं. घटना को अंजाम देने वाला निजी बॉडीगार्ड न सिर्फ मानसिक विक्षिप्त है, बल्कि उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है. डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपी बलबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि गाड़ी में मौजूद बिहार पुलिस के एक जवान सत्येंद्र कुमार को भी हिरासत में लिया गया है. वहीं, चतरा मे बाइपास रोड का निर्माण करा रहे बिहार के गयाजी निवासी ठेकेदार विनित यादव उर्फ रॉकी और उसके चालक प्रसाद यादव को भी हिरासत में रखा गया है. पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है.
डीएसपी ने बताया कि आरोपी बलबीर सिंह ने बताया कि अतुल बार-बार उससे खैनी मांग रहा था. जिसके बाद गुस्से में आकर उसने उस पर अपने लाइसेंसी हथियार से फायर कर दिया. डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बलबीर सिंह मेंटल भी है. उसका इलाज रांची के रिनपास से चल रहा है. उसकी जेब से रिनपास का पुर्जा भी मिला है. उस पर बिहार के नबीनगर में एक व्यक्ति पर गोली चलाने समेत अन्य मामले दर्ज हैं. वह तीन वर्ष तक जेल मे भी रहा है.
उठते सवाल
…विधायक के सरकारी बॉडीगार्ड को लेकर घूम रहा था बेटा
…बेलागंज की जदयू विधायक मनोरमा देवी ने क्यों बेटे के साथ चतरा भेजा था अपना हथियारबंद बॉडीगार्ड
…बेलागंज विधायक मनोरमा देवी के गिरेबान तक पहुंच सकती है मर्डर केस के जांच की आंच
…ठेकेदार बेटे के भौकाल में झारखंड पुलिस के हत्थे चढ़ा बिहार पुलिस का जवान
…बिहार की प्राइवेट सिक्योरिटी एजेंसी ने नहीं किया था आरोपी का चरित्र सत्यापन
…आरोपी ठेकेदार रॉकी यादव भी पूर्व में जा चुका है जेल, आपराधिक मामलों मे रही है संलिप्तता
…हथियार से लैस मेंटल बॉडीगार्ड को क्यों लेकर घूम रहा था रॉकी
…घटना मे प्रयुक्त हथियार का लाइसेंस है या नहीं
…आपराधिक मामलों के आरोपी बलबीर को किस एजेंसी नें कर रखा था बहाल
…क्या झारखंड मे एंट्री से पूर्व पुलिस को ठेकेदार रॉकी नें दी थी सूचना
…कैसे हथियार लेकर चतरा जिले मे भौकाल मचाते हैं प्राइवेट गार्ड

