बारियातू (लातेहार):
बारियातू सदर पंचायत अंतर्गत मौजा गाड़ी के ग्रामीणों ने फर्जी कागजात के आधार पर जमीन का खतियान तैयार कर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए अंचलाधिकारी बारियातू को लिखित आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की है।
आवेदन देने वालों में सुरेंद्र प्रसाद, भरत प्रसाद, राम प्रसाद, लक्ष्मी, बैजनाथ प्रसाद, सुरेश प्रसाद, जगरनाथ प्रसाद, सतलू उरांव एवं जयराम उरांव सहित अन्य ग्रामीण शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मौजा गाड़ी के पुराना खाता संख्या 92, प्लॉट संख्या 1016, रकबा 2.55 डिसमिल भूमि पर उनके पूर्वजों के समय से दखल-कब्जा रहा है। वे अपने-अपने हिस्से की जमीन पर वर्षों से खेती-बाड़ी करते आ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुमित कुमार उर्फ चिंटू (पिता विष्णु देव प्रसाद), कपिल प्रसाद एवं राजदेव प्रसाद (दोनों पिता स्वर्गीय सूरज साहू) उक्त भूमि पर उन्हें खेती करने से रोक रहे हैं। उनका कहना है कि हाल के नए सर्वे में कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नया खाता संख्या 281, प्लॉट संख्या 1787, रकबा 2.55 डिसमिल का खतियान स्वर्गीय पकौड़ी साहू के पुत्र सूरज साहू के नाम से तैयार कर दिया गया है। इसी खतियान का हवाला देकर उन्हें जमीन पर खेती करने से रोका जा रहा है।
ग्रामीणों ने आवेदन में दावा किया है कि उक्त भूमि पर उनका लगभग 70 वर्षों से दखल-कब्जा है, जिसकी जानकारी पूरे गांव के लोगों को है। उन्होंने अंचलाधिकारी से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसी प्रकार की विवादित स्थिति या शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका न रहे।
क्या कहती हैं अंचलाधिकारी
इस संबंध में अंचलाधिकारी कोकिला ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है। दोनों पक्षों को संबंधित भूमि से जुड़े दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। दस्तावेज प्राप्त होने के बाद स्थल पर जाकर मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने दोनों पक्षों से जांच पूरी होने तक शांति बनाए रखने की अपील की है।

