बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड के पोखरीकला एवं खुरा पंचायत के दर्जनों विद्युत उपभोक्ता इन दिनों स्मार्ट मीटर की वजह से भारी परेशानी झेल रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के महज 5 से 6 माह के भीतर उन्हें हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के बिजली बिल भेज दिए गए हैं। इस संबंध में उपभोक्ताओं ने पूर्व में बिजली विभाग को आवेदन देकर बिल में सुधार की मांग की थी, लेकिन समस्या का समाधान होने के बजाय बिल राशि लगातार बढ़ती गई।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के पोखरीकला के 50 से अधिक उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन काट दिया, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। आक्रोशित उपभोक्ता प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई।मामले की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता से अविलंब जांच कर गलत बिलों में सुधार तथा कटे हुए कनेक्शनों को तत्काल बहाल करने की मांग की।

