हरिहरगंज (पलामू )
पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर शनिवार को थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण व सड़क सुरक्षा को लेकर ऐंटी क्राइम वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार के नेतृत्व में कौवाखोह स्थित फोरलेन सड़क के टोल प्लाजा पर चलाए गए इस अभियान में 89 चारपहिया व 50 दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान 11 चारपहिया वाहन के विंड ग्लास पर लगे ब्लैक फिल्म को हटाया गया। उधर पथरा ओपी प्रभारी के नेतृत्व में सरसोत – डुमरिया पथ पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान दर्जनों दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की गई। थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में अपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने, वारंटियों की गिरफ्तारी, अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने, ड्रंक एण्ड ड्राइव के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के साथ ही आम लोगों में सुरक्षा का माहौल कायम करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। जांच अभियान में एएसआई अभय कुमार त्रिपाठी सहित पुलिस बल के कई जवान शामिल थे।

