उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी,विजेताओं को किया सम्मानित
मेदिनीनगर (पलामू)
नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शनिवार को पलामू में साइक्लोथॉन का आयोजन किया गया। साइक्लोथॉन को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक श्री कपिल चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
साइक्लोथॉन में बड़ी संख्या में युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निर्धारित मार्ग से होते हुए साइक्लोथॉन पुलिस लाइन पहुंचा, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। इस दौरान आयोजित साइकिल रेस के पुरुष एवं महिला वर्ग के विजेताओं को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।पुरुष वर्ग में अंकित यादव ने प्रथम, उत्कर्ष राज ने द्वितीय एवं अनव उरांव ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं महिला वर्ग में स्वीटी प्रथम, वीणा द्वितीय, अंशू तृतीय तथा अंसिका चतुर्थ स्थान पर रहीं। सभी विजेता प्रतिभागियों को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि नशा केवल मादक पदार्थों का ही नहीं होता, बल्कि मोबाइल और गलत संगति का भी नशा युवाओं के जीवन को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के मस्तिष्क को मनोवैज्ञानिक रूप से इस प्रकार जकड़ लेता है कि वह उसके बिना रह नहीं पाता। नशा व्यक्ति को सुन्न कर देता है, जिससे उसे क्षणिक और कृत्रिम प्रकार का आराम (फेक रिलैक्सेशन) महसूस होता है, जबकि वास्तविकता में यह उसके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचाता है।उपायुक्त ने कहा कि आज का युवा वर्ग अनेक चुनौतियों और समस्याओं से जूझ रहा है, जिनमें नशे की प्रवृत्ति एक गंभीर समस्या बनकर उभरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि यदि नशा करना ही है तो पढ़ाई, खेल, नवाचार और देशभक्ति का नशा होना चाहिए। खेल और शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता ही युवाओं को सफलता के शिखर तक पहुंचा सकती है। उन्होंने कहा कि हमारे युवाओं को खेल, पुस्तकों, नए आविष्कारों और देश के प्रति निष्ठा का जुनून विकसित करना चाहिए।उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं की भूमि है और यहां खेल-कूद के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि युवाओं को उचित मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे राज्य एवं देश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रौशन कर सकते हैं।उन्होंने सभी प्रतिभागियों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, खेल विभाग, पलामू जिला साइक्लिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

