सैरात वसूली को लेकर उत्पन्न विवाद में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट, चार घायल

हरिहरगंज (पलामू)

हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र के भगत तेंदुआ काली मंदिर के समीप सैरात वसूली को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में चार लोग घायल हो गए । घायलों में एक पक्ष के शंभू यादव झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अमित कुमार सिंह, राजू शर्मा तथा दूसरे पक्ष के प्रदीप कुमार शामिल हैं। इस संबंध में दोनों पक्षों के द्वारा एक दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि मेघा इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर दिनेश मेहता ने भगत तेंदुआ निवासी प्रिंस कुमार, रंजय कुमार, सुधीर कुमार, राजू , सोहराई पासवान सहित अन्य के खिलाफ सैरात वसूली कर रहे लोगों के साथ मारपीट कर घायल बनाने तथा राशि छीनने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। जबकि दूसरे पक्ष के विजय पासवान ने शंभू यादव,अमित कुमार सिंह, राजू शर्मा सहित अन्य लोगों पर रंगदारी वसूलने, गाली गलौज करने तथा विरोध करने पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों के प्राथमिकी के आधार पर अनुसंधान कर अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply