लातेहार NEET-UG 2026: कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर उपायुक्त व एसपी ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

लातेहार (झारखंड)

आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को उपायुक्त संदीप कुमार एवं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने केंद्रीय विद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र में बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा संचालन के दौरान निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि परीक्षा की पवित्रता एवं पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कदाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण माहौल मिल सके।

गौरतलब है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 का आयोजन 21 जून को केंद्रीय विद्यालय, लातेहार में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा। परीक्षा में जिले के कुल 178 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी प्रिंस कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. चंदन सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply